टीकाकरण से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है....मुकुंद साव

चौपारण(हजारीबाग) : राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के पूर्व राज्य प्रशिक्षक सह बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोगों से टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता विकसित होती है और यह कई गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। मुकुंद साव ने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस प्रत्येक वर्ष 16 मार्च को मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य देशभर में टीकाकरण अभियानों से जुड़े नीति निर्माताओं, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना तथा लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भारत ने विशाल जनसंख्या और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद टीकाकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण के माध्यम से शरीर में सक्रिय प्रतिरक्षा विकसित होती है, जिससे शरीर रोगों के संक्रमण से लड़ने में सक्षम बनता है। हालांकि जन्म के समय मां से शिशु को कुछ समय के लिए निष्क्रिय प्रतिरक्षा मिलती है, लेकिन वह स्थायी नहीं होती, इसलिए समय-समय पर टीकाकरण आवश्यक है। मुकुंद साव ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी और सहिया बहनें कठिन परिस्थितियों में भी घर-घर जाकर टीकाकरण अभियान को सफल बना रही हैं। उन्होंने बताया कि 16 मार्च 1995 को भारत में पोलियो की पहली खुराक दी गई थी और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया गया। उन्होंने लोगों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.