बसरिया में शांति समिति की बैठक, रामनवमी व ईद को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील
चौपारण : प्रखंड के बसरिया पंचायत सचिवालय में मंगलवार को प्रशासन की पहल पर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी रामनवमी और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर रणनीति तैयार करना था। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी संजय यादव ने की, जबकि बीडीओ नितेश भास्कर और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ खुलकर संवाद किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। अंचलाधिकारी संजय यादव ने कहा कि चौपारण क्षेत्र हमेशा से आपसी सद्भाव और भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि रामनवमी और ईद जैसे पावन अवसरों को मिल-जुलकर मनाएं, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना देने की बात कही। वहीं थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्ग से ही निकाला जाएगा और किसी भी नई व्यवस्था के लिए प्रशासन की अनुमति अनिवार्य होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को तूल न दें और आपसी संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करें। प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन के साथ है, लेकिन शांति बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में पंचायत की मुखिया मंजू देवी, प्रतिनिधि शिव पासवान, रामनवमी समिति के अध्यक्ष मुन्ना केशरी, उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रजापति, सचिव चंदन दांगी, कोषाध्यक्ष उमेश साव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैठक में भाग लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.