चौपारण सीएचसी में अवैध पार्किंग का अंबार, एंबुलेंस को नहीं मिल रहा रास्ता, मरीज बेहाल
हजारीबाग : चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में अवैध पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। अस्पताल परिसर में बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि एंबुलेंस तक को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने और प्रशासनिक निगरानी के अभाव में लोग मनमाने तरीके से वाहन खड़े कर रहे हैं। कई बार आपातकालीन स्थिति में मरीज को लेकर पहुंचने वाली एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिलने के कारण देर हो जाती है, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने भी इस समस्या पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अवैध पार्किंग के कारण अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इमरजेंसी सेवाएं भी बाधित हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल सख्ती बरतने और अस्पताल परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थल पर इस तरह की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की अपील की है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.