चौपारण में जीटी रोड निर्माण कंपनी पर गंभीर आरोप, मिलावटी डीजल को लेकर चालकों का हंगामा
चौपारण : में चल रहे जीटी रोड निर्माण कार्य से जुड़ी एक कंपनी पर गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि कंपनी द्वारा किराये पर लगाए गए हाईवा, ट्रैक्टर, जेसीबी और पोकलेन मशीनों में मिलावटी डीजल की आपूर्ति की जा रही है। इस वजह से वाहन चालकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। चालकों का कहना है कि मिलावटी डीजल के उपयोग से उनके वाहनों के इंजन पर बुरा असर पड़ रहा है, जिससे गाड़ियों की परफॉर्मेंस गिर रही है और महंगे नुकसान का खतरा बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब सभी वाहन चालक एकजुट होकर कंपनी द्वारा दिए जा रहे संदिग्ध डीजल को लेने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद चालकों ने दो टूक कहा कि जब तक शुद्ध डीजल उपलब्ध नहीं कराया जाता, वे काम पर नहीं लौटेंगे। इस घटनाक्रम के बाद निर्माण स्थल पर विरोध की स्थिति बन गई और कई चालकों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किया गया है, और जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में मिलावटी या नकली डीजल की आपूर्ति की जा रही है और संबंधित विभाग अब तक इस पर चुप क्यों है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कंपनी और संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.