चौपारण के लिए गर्व की खबर: माटी के लाल रोहित कुमार बने फूड सेफ्टी ऑफिसर
हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बड़ी खबर सामने आई है। चौपारण के दबगर मुहल्ला निवासी रोहित कुमार ने झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयोग द्वारा आज जारी परिणाम में उन्होंने पूरे राज्य में 37वां स्थान प्राप्त किया है। रोहित कुमार, स्वर्गीय गौरी शंकर दास के पुत्र हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अपनी मेहनत, लगन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया। उनका बचपन काफी अभाव और संघर्षों में बीता, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और लगातार आगे बढ़ते रहे। बताया जाता है कि वे पिछले 7 वर्षों से राष्ट्रीय बीज निगम में कार्यरत थे, जहां उनकी पोस्टिंग बिहार में थी। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखी, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। रोहित कुमार की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चौपारण क्षेत्र के लिए प्रेरणा है। वे दिवंगत पत्रकार मुन्ना भैया (हिंदुस्तान अखबार) के चचेरे भाई भी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.