नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चैती छठ, क्षेत्र में भक्तिमय माहौल..
चौपारण : लोक आस्था, सूर्य उपासना और पवित्रता का महापर्व चैती छठ रविवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है। नहाय खाय के दिन श्रद्धालु सुबह से ही नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान कर घरों की साफ-सफाई में जुटे रहे। व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।सोमवार को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर भगवान सूर्य को अर्पित करेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद मंगलवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर महापर्व का समापन होगा।चैती छठ को लेकर प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई का कार्य भी जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि व्यवस्था में जुटे हैं। घरों और घाटों पर छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया है।व्रती पूरी श्रद्धा और नियम के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.