रामनवमी तैयारी को लेकर महासमिति की उपायुक्त से मुलाकात, सड़क-सफाई व बैरीकेटिंग की उठी मांग..

हजारीबाग : विश्वविख्यात रामनवमी महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने पूर्व अध्यक्षों एवं समिति सदस्यों के साथ उपायुक्त से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई व उन्हें ढकने की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। महासमिति ने कहा कि रामनवमी के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जुलूस निकलते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना जरूरी है।

साथ ही भीड़ नियंत्रण को लेकर इंद्रपुरी चौक, बंसीलाल चौक, जादो बाबू चौक, ग्वाल टोली चौक और झंडा चौक सहित प्रमुख स्थानों पर बैरीकेटिंग लगाने की मांग रखी गई। महासमिति के अनुसार इन क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ होती है, जिससे अव्यवस्था की आशंका बनी रहती है।
महासमिति अध्यक्ष लड्डू यादव ने कहा कि रामनवमी हजारीबाग की पहचान है और इसे शांतिपूर्ण व भव्य तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएंगी और संबंधित विभागों को निर्देश दिए जा रहे हैं।प्रशासन और महासमिति के समन्वय से इस वर्ष भी रामनवमी को भव्य और सुरक्षित बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.