अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के साथ चैती छठ में उमड़ा आस्था का सैलाब

चौपारण :  लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के तीसरे दिन मंगलवार की संध्या व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति व आस्था से सराबोर हो गया।व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ डूबते सूर्य की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि,स्वास्थ्य और मंगलकामना की। सुबह से ही प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से तालाबों, नदियों एवं कृत्रिम घाटों की साफ सफाई कराई गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।शाम होते ही व्रती पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर सिर पर दउरा और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, केला सहित पूजन सामग्री लेकर घाटों की ओर बढ़े। ताजपुर शिव मंदिर स्थित छठ तालाब घाट पर छठी मैया के गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं की उपस्थिति ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।घाटों पर सुरक्षा, प्रकाश और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था की गई थी। स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे रहे।अब बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय चैती छठ महापर्व का समापन होगा। व्रती भोर में घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य की पूजा करेंगे और पारण कर अपना व्रत पूर्ण करेंगे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.