हनुमान जयंती पर हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारी तेज, बैठक में बनी रूपरेखा
आगामी : 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले हनुमान जयंती हिंदू सम्मेलन एवं शौर्य संचलन को लेकर चौपारण में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आज बीघा मंदिर स्थित हनुमान जी मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि शौर्य संचलन चतरा मोड़ से प्रारंभ होकर केंदुआ मोड़ होते हुए कात्यानी मंदिर तक जाएगा, जहां कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। समापन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं हिंदू सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चौपारण खंड के खंड कार्यवाह विवेकानंद विवेक और विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री, मुनेश्वर कुमार, विश्व हिंदू परिषद चौपारण खंड के अध्यक्ष संजय सिंह सहित सभी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने पर जोर दिया। सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसके तहत कार्यक्रम से दो दिन पूर्व प्रचार गाड़ी निकाली जाएगी, जो क्षेत्र में घूमकर लोगों को आमंत्रित करेगी। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपनी-अपनी टोली बनाकर गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में यह भी आग्रह किया गया कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस आयोजन में भाग लें, ताकि कार्यक्रम ऐतिहासिक और सफल बन सके।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.