रामनवमी पर अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, संवेदनशील स्थलों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती...
हजारीबाग : रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। विधि-व्यवस्था के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से हजारीबाग जिला अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर अग्निशामक वाहनों एवं कर्मियों की व्यापक तैनाती की गई है।सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या 176/26.03.2026 के अनुसार, मुख्यालय द्वारा 3 बड़े एवं 2 छोटे अग्निशामक वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त हजारीबाग अग्निशामालय से एक वाहन सीसीआर कंट्रोल रूम में तथा एक अन्य वाहन अग्निशमन केंद्र में पूर्व से तैनात है। बाहरी स्रोत से उपलब्ध कराए गए वाहनों को गत वर्ष की भांति पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही तैनात किया गया है, जिन्हें आवश्यकता अनुसार अन्य स्थानों पर भी भेजा जा सकेगा।दिनांक 26 मार्च 2026 के पूर्वाह्न से ड्यूटी समाप्ति तक जिले के प्रमुख एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके तहत सीसीआर कंट्रोल रूम, मालवीय मार्ग स्थित कॉलटेक्स चौक के समीप पेट्रोल पंप, छठ तालाब इन्द्रपुरी चौक, खिरगांव पेट्रोल पंप, जाकिर हुसैन रोड तथा ठाकुरबाड़ी रोड जैसे संवेदनशील स्थलों पर अग्निशामक वाहन और प्रशिक्षित कर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे।प्रत्येक वाहन के साथ अनुभवी अग्निशमन कर्मियों की टीम तैनात की गई है, जिन्हें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है। सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं ताकि भीड़भाड़ और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।जनसामान्य की सुविधा के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। हजारीबाग अग्निशमन केंद्र का नंबर 9304953423 तथा बरही अग्निशमन केंद्र का नंबर 9304953426 है। इसके अतिरिक्त आपातकालीन सेवा 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है।जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि रामनवमी के दौरान सतर्क रहें, किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आपात स्थिति में तुरंत संबंधित नंबरों पर सूचना दें। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि आमजन के सहयोग से यह पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.