बालगृह से 14 वर्षीय बालक फरार, पुलिस में सनहा दर्ज
हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र स्थित जन जागरण केंद्र द्वारा संचालित बालगृह से एक 14 वर्षीय बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बालगृह प्रशासन द्वारा बरही थाना में सनहा दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोडरमा जिले के निवासी राजा सिंह (14 वर्ष), जो बालगृह में आवासित था, 3 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11 बजे परिसर से फरार हो गया। बताया जाता है कि उसके बहकावे में आकर अन्य 5 बालक भी बाहर निकल गए थे, हालांकि बालगृह स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन पांचों बालकों को खोजकर वापस सुरक्षित लाया गया। बालक राजा सिंह के हुलिये के बारे में बताया गया है कि उसका रंग गोरा है, लंबाई करीब 138.1 सेंटीमीटर है। फरार होने के समय उसने हरे रंग की टी-शर्ट, नीले रंग का पजामा और पैरों में हवाई चप्पल पहन रखी थी। बालगृह के अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी से अनुरोध किया गया है कि मामले में सनहा दर्ज कर बालक की जल्द से जल्द खोजबीन की जाए। साथ ही इस घटना की सूचना संबंधित बाल कल्याण समितियों और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.