हथियार कारतूस व अपाची बाइक बरामद; संगठित गिरोह का पर्दाफाश

हजारीबाग : बड़कागांव थाना क्षेत्र में चर्चित नंदनी ज्वेलर्स लूट कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर टीपी-05 के समीप कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीपी-06 के पास झाड़ियों में छिपे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विनोद कुमार भुईयाँ, प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता (सभी निवासी चतरा) के रूप में हुई। तीनों ने कबूल किया कि वे राहगीरों को हथियार के बल पर लूटने की योजना बना रहे थे।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 7 फरवरी 2026 को बड़कागांव स्थित नंदनी ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय संदीप कुमार सोनी ने पहले दुकान की रेकी की और पूरी योजना तैयार की। इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने दुकान मालिक पर गोलीबारी कर गहनों से भरा बैग लूट लिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।पुलिस जांच में इस कांड से जुड़े अन्य आरोपियों राहुल कुमार सिंह उर्फ पद्धी, मोटरसाइकिल मालिक साकिन्दर कुमार गंजू, रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी एवं विशाल शांताराम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि लूटे गए जेवर को गलाकर दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
..............
थाना प्रभारी दीपक सिंह ने कहा कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण इस बड़े आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और संगठित तरीके से घटनाओं को अंजाम देते थे। 
.............
आगे भी क्षेत्र में इस तरह के अपराध पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 54/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।छापामारी दल में शामिल अधिकारी:अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, थाना प्रभारी दीपक सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर : मुकेश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.