पत्रकारों से मारपीट की घटना की निंदा,दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
चौपारण : बरही विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव ने पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।मुकुंद साव ने बयान जारी कर कहा कि मंगलवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछने पर उनके समर्थकों द्वारा पत्रकारों के साथ मारपीट की गई, जो बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान मंत्री मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया।उन्होंने कहा कि मंत्री को अपने समर्थकों को रोकते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए थी। ऐसा नहीं होना लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रेस की स्वतंत्रता की अनदेखी को दर्शाता है।
मुकुंद साव ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों पर हमला पूरे समाज पर हमला माना जाना चाहिए।उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही संबंधित मंत्री से इस घटना पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.