ट्रांसफार्मर बदलते ही अलकोपी गांव में लौटी रोशनी

हज़ारीबाग : कई दिनों से अंधेरे में जी रहे ग्रामीणों को मिली राहत, बच्चों की पढ़ाई फिर हुई शुरू विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत अलपीटो पंचायत के अलकोपी गांव में खराब ट्रांसफार्मर बदलने के बाद एक बार फिर पूरे गांव में बिजली बहाल हो गई है। कई दिनों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। जंगल के बीच बसे इस गांव में बिजली नहीं रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही थी, क्योंकि रात में पढ़ाई करना मुश्किल हो गया था। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, पेयजल व्यवस्था और घरेलू कार्यों में भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई थी।
समस्या बढ़ने पर ग्रामीणों ने विधायक प्रतिनिधि धनेश्वर यादव से संपर्क कर जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए धनेश्वर यादव ने तत्काल इसकी जानकारी सांसद मनीष जायसवाल को दी। सांसद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने का निर्देश दिया।
सांसद और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद विभाग ने तेजी दिखाते हुए दो दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर गांव पहुंचाया। सभी तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली लौटते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।\ ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय बाद गांव में फिर से रोशनी लौट आई है। नबच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू हो गई है और लोगों को दैनिक कार्यों में राहत मिली है। गांव वालों ने विधायक प्रतिनिधि धनेश्वर यादव और सांसद मनीष जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में बसे गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों द्वारा त्वरित पहल किए जाने से लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा बिष्णुगढ़

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.