नवादा में समाज सुधार को लेकर अहम बैठक सम्पन्न
विष्णुगढ : प्रखंड अंतर्गत ग्राम नवादा स्थित एम एच क्लिनिक हॉल में 7 अप्रैल 2026 को समाज में फैल रही बुराइयों की रोकथाम, सामाजिक जागरूकता और आपसी एकता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद एवं बोकारो सहित चार जिलों के सदर, सेक्रेटरी, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, उलेमा-ए-किराम तथा इमामों ने भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से शादी-विवाह में बढ़ती फिजूलखर्ची, नशाखोरी, क़व्वाली, गैर-ज़रूरी रस्मों, दूसरों का हक मारने तथा समाज में फैल रही अन्य सामाजिक बुराइयों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उपस्थित लोगों ने इन बुराइयों को रोकने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने और समाज को सादगी, शिक्षा एवं आपसी भाईचारे की ओर ले जाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए महमूद आलम ने कहा कि समाज की मजबूती शिक्षा, इंसाफ और अच्छे अखलाक से आती है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि लोग दिखावे और फिजूलखर्ची से बचें तथा आने वाली नस्लों को बेहतर माहौल देने के लिए सामाजिक सुधार की दिशा में मिलकर काम करें। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में फैल रही बुराइयों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना हर जिम्मेदार व्यक्ति का फर्ज है।
वहीं नवादा पंचायत के राजा जामा मस्जिद के ख़तीब व इमाम हाजी हाफिज इलियास अहमद मिस्बाही ने कहा कि इस्लाम अमन, सादगी और इंसानियत का पैगाम देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज को बुराइयों से बचाने और अच्छाइयों को बढ़ावा देने के लिए सभी लोग एकजुट होकर कार्य करें।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने समाज सुधार, आपसी एकता और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा विष्णुगढ़


No Previous Comments found.