मातृ दिवस पर हजारीबाग यूथ विंग ने ओल्ड एज होम में बांटी खुशियां...बुजुर्गों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान...

हजारीबाग :  मातृ दिवस के अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा ओल्ड एज होम में विशेष सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य वहां रह रही मातृशक्ति और बुजुर्गों के बीच पहुंचे तथा पूरे आत्मीय भाव से उनके साथ मातृ दिवस मनाया। कार्यक्रम के दौरान ओल्ड एज होम का माहौल भावुकता, सम्मान और अपनत्व से सराबोर दिखा।संस्था की ओर से बुजुर्गों के बीच फल, बिस्किट, ग्लूकोन-डी, हॉर्लिक्स, दूध, जूस, मुरी सहित कई आवश्यक खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। सदस्यों ने एक-एक बुजुर्ग से मिलकर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान कई बुजुर्ग भावुक हो उठे। किसी ने अपने परिवार की बातें साझा कीं तो किसी ने जीवन के अनुभव सुनाए। संस्था के सदस्यों ने पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ उनकी बातें सुनीं और उन्हें अपनेपन का एहसास कराया।मातृ दिवस के इस खास मौके पर बुजुर्ग माताओं के चेहरों पर दिखी मुस्कान कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। कई बुजुर्गों ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें अकेलेपन से बाहर निकालते हैं और यह एहसास कराते हैं कि वे आज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बुजुर्गों ने संस्था के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान ओल्ड एज होम में पारिवारिक माहौल देखने को मिला।संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि माता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, ममता और संस्कार का सबसे बड़ा स्वरूप होती हैं। मातृ दिवस का वास्तविक उद्देश्य केवल शुभकामनाएं देना नहीं, बल्कि उन माताओं और बुजुर्गों तक पहुंचना है जिन्हें सबसे अधिक अपनेपन और सहारे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग हमेशा समाज के हर वर्ग के बीच सेवा कार्य करता रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ जनसेवा जारी रखेगा।संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि ओल्ड एज होम में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना संस्था के लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है और आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल के प्रति अधिक संवेदनशील बने।मौके पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, मार्गदर्शक डॉ. बी. वेंकटेश, संजय कुमार, विकास केसरी, कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन, विवेक तिवारी, सनी देव, सेजल सिंह, सत्यनारायण सिंह, सनी सलूजा, साक्षी राणा सहित कई लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.