ICAR के “मेरा गाँव मेरा गौरव” कार्यक्रम के तहत 100 किसानों को मिला प्रशिक्षण
संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती व आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी..
चौपारण (हजारीबाग)- भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ICAR द्वारा संचालित “मेरा गाँव मेरा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत संतुलित उर्वरक उपयोग अभियान के तहत चौपारण प्रखंड के महुदी गांव में 100 किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महुदी,तिलैया एवं गोसल गांव के किसानों ने भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन निदेशक डॉ. सी.एच.श्रीनिवास राव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा परिसर प्रभारी डॉ. एस.के. महंता के संरक्षण में संपन्न हुआ। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरकों के सही उपयोग, जैविक उर्वरकों की उपयोगिता, मृदा स्वास्थ्य जांच, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वैज्ञानिकों ने किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग की सलाह देते हुए फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपाय बताए। साथ ही किसानों के बीच कृषि यंत्रों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. अनिमा महतो एवं डॉ. आशा कुमारी ने तकनीशियन अरुण रजक के सहयोग से किसानों को आधुनिक खेती, जैविक खाद के महत्व, प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में शामिल किसानों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ICAR की इस पहल की सराहना की। वहीं सीएससी चौपारण एफपीओ के निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव ने ICAR से आए वैज्ञानिकों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एफपीओ निदेशक दीपक कुमार, कैलाश साव एवं आशीष भगत की अहम भूमिका रही। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसानों की भागीदारी रही..
अमित सिंह चौपारण


No Previous Comments found.