दनुआ घाटी में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा आम लदा पिकअप, चालक बाल-बाल बचा

हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में सोमवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिहार की ओर जा रहा आम से लदा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

बताया जाता है कि पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में आम लदा हुआ था, जिसे लेकर चालक बिहार जा रहा था। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से क्रेन मंगाई गई। काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन को बाहर निकाला गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दनुआ घाटी में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निगरानी की मांग की है।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.