किसानों की समस्याओं को लेकर 19 मई को चौपारण में भाजपा का प्रदर्शन, बिजली व भ्रष्टाचार के खिलाफ होगा धरना
हजारीबाग : किसानों की विभिन्न समस्याओं, खराब बिजली व्यवस्था एवं सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 15 मई से 20 मई 2026 तक प्रखंड मुख्यालयों में धरना एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई 2026, मंगलवार को चौपारण प्रखंड मुख्यालय परिसर में सुबह 11 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में लगातार खराब हो रही बिजली व्यवस्था और विभिन्न विभागों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज बुलंद की जाएगी।
धरना प्रदर्शन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच व्यापक तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में मंडल मध्य क्षेत्र के जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, पूर्व मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चौपारण प्रखंड के तीनों मंडल अध्यक्ष आरती कौशल, रेवा शंकर साव एवं मुकेश सिन्हा ने संयुक्त रूप से बताया कि यह धरना प्रदर्शन किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.