ओमेगा कप T-10 नाइट क्रिकेट में रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम..

हजारीबाग : शहर के अन्नदा कॉलेज मैदान में ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘ओमेगा कप हजारीबाग T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट’ में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन रविवार को खेले गए चार मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती स्वयं मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।

पहले मुकाबले में आतिक्ष बजाज और जुम्बी 11 की टीम आमने-सामने हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए आतिक्ष बजाज की टीम ने 9 विकेट खोकर 107 रन बनाए। जवाब में जुम्बी 11 की पूरी टीम मात्र 43 रन पर सिमट गई। आतिक्ष बजाज ने 64 रन से शानदार जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला अन्नदा कॉलेज और प्रोग्रेसिव फार्मा के बीच खेला गया। इस मैच में उपायुक्त हेमंत सती अन्नदा कॉलेज टीम की ओर से मैदान में उतरे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुकाबले में अन्नदा कॉलेज की टीम 34 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में प्रोग्रेसिव फार्मा ने एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की।
तीसरे मुकाबले में ओमेगा पैंथर्स और हजारीबाग ओल्ड 11 के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमेगा पैंथर्स ने 5 विकेट पर 102 रन बनाए। जवाब में हजारीबाग ओल्ड 11 ने 5 विकेट खोकर 103 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला मायल पंचायत और आरके सन पावर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मायल पंचायत ने 6 विकेट पर 97 रन बनाए। जवाब में आरके सन पावर की टीम संघर्षपूर्ण खेल के बावजूद 4 विकेट पर 95 रन ही बना सकी। मायल पंचायत ने 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।मैच रेफरी की भूमिका मोहम्मद खुर्शीद और शुभम ने निभाई, जबकि उद्घोषक के रूप में सचिन राणा और शादाब ने दर्शकों को पूरे मैच से जोड़े रखा।
इस दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना ही खिलाड़ी की असली पहचान होती है। उन्होंने कहा कि मैच जीतने से पहले खुद पर भरोसा जीतना जरूरी है।टूर्नामेंट के दौरान हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल भी मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा नशे और मोबाइल की सीमित दुनिया में सिमटते जा रहे हैं। ऐसे में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का काम कर रही हैं। उन्होंने आयोजन के लिए ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट की सराहना की।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने भी टूर्नामेंट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाने में मील का पत्थर साबित होंगे। खेल युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करता है।
टूर्नामेंट के आयोजक सह ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन शादाब अंसारी ने उपायुक्त हेमंत सती, सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना तथा जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.