उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में कारीगरों के उत्थान पर जोर...
हजारीबाग : समाहरणालय सभागार में उद्योग विभाग, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, जनजागरण मंच एवं विभिन्न कला क्षेत्रों से जुड़े कारीगरों के साथ उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित लघु एवं कुटीर उद्योगों की गतिविधियों तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में करीब 2000 आर्टिजन जूट उत्पाद निर्माण, सोहराई कला, सिलाई कढ़ाई, काष्ठ कला, बांस शिल्प एवं टेराकोटा कला से जुड़े हुए हैं।बरही,कटकमदाग, विष्णुगढ़,सदर एवं, बड़कागांव क्षेत्रों में जूट आधारित उत्पादों का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। यहां कारीगर जूट के थैले, वाटर बोतल बैग, फोल्डर समेत कई उपयोगी सामग्री तैयार कर रहे हैं।उपायुक्त ने सभी कारीगरों का आर्टिजन कार्ड बनाने तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हस्तशिल्प उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिले में एक समर्पित “क्राफ्ट सेंटर” विकसित किया जाएगा, जहां विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन एवं विपणन हो सकेगा।
बैठक में महिला कारीगरों के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही चौपारण के पांडेबारा स्थित सिलाई-कढ़ाई कारीगरों के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) स्थापित करने हेतु विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह एवं जीएम डीआईसी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह हजारीबाग

No Previous Comments found.