दसकर्मा में जरूरतमंद परिवार की मदद को आगे आए JLKM नेता, खाद्य सामग्री देकर जताई संवेदना
विष्णुगढ़ : मानवता और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए शुक्रवार 22 मई 2026 को JLKM के मांडू विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बिहारी महतो के सौजन्य से विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम नावाटांड निवासी स्वर्गीय ढालेश्वर महतो उर्फ ढाले, पिता स्वर्गीय पुशन महतो के निधन उपरांत आयोजित दसकर्मा कार्यक्रम में उनके शोकाकुल परिवार को खाद्य सामग्री प्रदान कर सहायता पहुंचाई गई।
बताया गया कि स्वर्गीय ढालेश्वर महतो के निधन के बाद उनके परिवार के समक्ष कई प्रकार की कठिन परिस्थितियां उत्पन्न हो गई थीं। ऐसे समय में सामाजिक दायित्व निभाते हुए बिहारी महतो के निर्देशानुसार JLKM के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी तथा दैनिक जरूरतों के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।
इस दौरान परिवार को 50 किलो आटा, एक टिन रिफाइन तेल सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री वितरित की गई। सामग्री वितरण का कार्य JLKM विष्णुगढ़ प्रखंड उपाध्यक्ष रामचंद्र राम, संगठन मंत्री विशेश्वर महतो एवं प्रखंड अध्यक्ष कौलेश्वर महतो द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। नेताओं ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा संगठन मृतक परिवार के साथ खड़ा है और आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय ढालेश्वर महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वहीं परिजनों को ढांढस बंधाते हुए बिहारी महतो की ओर से हर समय मदद करने का आश्वासन भी दिया गया।
मौके पर कालीचरण महतो, तोता महतो, गोवर्धन महतो, दुखन महतो, दीपचंद महतो सहित कई ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। साथ ही मृतक के परिजन एवं गांव के अन्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सहयोगात्मक कार्य लोगों के बीच आपसी भाईचारा और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। दुख की घड़ी में जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुंचाना एक सराहनीय कदम है, जिससे पीड़ित परिवार को मानसिक संबल भी मिलता है।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.