ओमेगा कप T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच चरम पर
हजारीबाग : ओमेगा कप हजारीबाग T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर हजारीबाग के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह और रोमांच का माहौल देखा जा रहा है। फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जा रहे इस भव्य टूर्नामेंट के दसवें दिन रविवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें आर के सन पावर और मायल 11 की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में प्रोग्रेसिव फार्मा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 78 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर के सन पावर की टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मायल 11 की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 ओवरों में 4 विकेट खोकर 109 रन बनाए। जवाब में आतिक्ष बजाज की टीम 10 ओवरों में 6 विकेट पर 62 रन ही बना सकी और 47 रनों से मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। मायल 11 की टीम ने इस जीत के साथ फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल आपसी भाईचारा, अनुशासन एवं टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।टूर्नामेंट के आयोजक सह ओमेगा ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट शादाब अंसारी ने कहा कि ओमेगा कप T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य हजारीबाग के युवाओं एवं क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों एवं क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह आयोजन समिति के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबले को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
टूर्नामेंट के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ मौजूद रही और दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
सेमी फाइनल मैच में अंपायर की भूमिका खुर्शीद आलम और सुजल ने निभाई वहीं उद्घोषक की भूमिका शरीफ उल्ला गुड्डू और सचिन राणा ने बखूबी अंजाम दिया।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.