संस्कार भारती की साधारण सभा संपन्न, कला संरक्षण पर हुआ मंथन...
हजारीबाग : संस्कार भारती हजारीबाग जिला इकाई की साधारण सभा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत मंचीय कला संयोजक राकेश रमन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला अध्यक्ष कुमार केशव ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
सभा की शुरुआत शोभा सिंहा एवं उनकी शिष्याओं दिव्या और सुमन द्वारा प्रस्तुत संस्कार भारती ध्येय गीत से हुई, जबकि सरस्वती वंदना की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। तबले पर राहुल कुमार सिंहा ने संगत देकर प्रस्तुति को और आकर्षक बनाया।सभा में मंत्री राजीव कुमार झा ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे कुछ संशोधनों के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने वार्षिक आय-व्यय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे भी सदस्यों ने ओंकार ध्वनि के साथ स्वीकृति प्रदान की।
प्रांतीय पर्यवेक्षक राकेश रमन ने सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए व्यवसायी एवं समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद, बीएसएफ के सेवानिवृत्त सहायक समादेष्टा हृदय कांत पाठक तथा अन्नदा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी को संस्था का संरक्षक नियुक्त किए जाने की घोषणा की। तीनों नव नियुक्त संरक्षकों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राकेश रमन ने कहा कि भारतीय कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में संस्कार भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है और इससे कला के मूल स्वरूप को बचाने की आवश्यकता है। कला केवल नियमित साधना और समर्पण से ही जीवंत रह सकती है।सांस्कृतिक कार्यक्रम में अय्याशिका राय ने “स्वागतम कृष्णा” गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं शोभा सिंहा की शिष्याओं ने राजस्थानी नृत्य तथा शर्मिष्ठा डांस एकेडमी की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली बच्चियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद राशि एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. के.के. गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल कुमार पांडेय ने किया। अंत में सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ सभा का समापन हुआ।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.