उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को मिले नए आयुक्त...

हजारीबाग : भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने  उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने प्रमंडलीय कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।नवनियुक्त आयुक्त ने कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या, विभिन्न शाखाओं में उनकी तैनाती, रिक्त पदों की स्थिति तथा कार्य निष्पादन व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही लंबित मामलों, जन शिकायतों के निस्तारण, अभिलेख संधारण एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।पदभार ग्रहण करने के बाद हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने प्रमंडलीय आयुक्त से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपायुक्त ने जिले की वर्तमान विधि व्यवस्था एवं प्रशासनिक गतिविधियों की अद्यतन जानकारी दी। दोनों अधिकारियों के बीच प्रशासनिक समन्वय एवं विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।

ज्ञात हो कि विजय कुमार गुप्ता इससे पूर्व वित्त विभाग, झारखंड सरकार, रांची में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उनके पदभार ग्रहण से प्रमंडल की प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।इस अवसर पर प्रमंडलीय कार्यालय के सचिव बासुदेव प्रसाद, उप निदेशक रोहित कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.