15 अगस्त तक कई भवनों का उद्घाटन, उपायुक्त ने की योजनाओं की समीक्षा...
हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में पीएम एबीएचआईएम एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।उपायुक्त ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए उपसमाहर्ताओं को विभिन्न प्रखंडों में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान एएनएम एवं सीएचओ की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, दवा उपलब्धता, संस्थागत प्रसव, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीएम एबीएचआईएम एवं 15वें वित्त योजना के तहत लंबित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कई स्वास्थ्य भवनों का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 तक कराने तथा शेष अधूरी योजनाओं को 15 नवंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।इसके अलावा अनुपयोगी उपकरणों को चालू कराने, वन विभाग से लंबित एनओसी प्राप्त करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन शीघ्र शुरू कराने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्य निष्पादन जरूरी है।उन्होंने अधिकारियों को कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी।बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.