पगमिल रोड पर लगने वाले खस्सी बाजार से बढ़ी जाम की समस्या, हाई कोर्ट को पत्र लिखेंगे पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता

हजारीबाग :  शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर पूर्व सांसद एवं झारखंड विस्थापित संघर्ष मोर्चा तथा झारखंड किसान सभा के अध्यक्ष भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने गहरी चिंता जताई है। इस संबंध में उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इंद्रपुरी चौक से पश्चिम दिशा की ओर डोमिनोज पिज्जा से लेकर मेरे आवास तक होली, रामनवमी, बकरीद, अषाढ़ी और दशहरा जैसे पर्वों के दौरान 15 से 20 दिनों तक सड़क के दोनों किनारों पर खस्सी बाजार लगाया जाता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि तीन-चार वर्ष पहले जहां लगभग 300 से 400 खस्सियों का बाजार लगता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर एक हजार से अधिक हो गई है। सड़क किनारे रहने वाले परिवारों एवं दुकानदारों को तो परेशानी होती ही है, साथ ही हजारों राहगीर कई-कई घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। कई बार गंभीर रूप से बीमार मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी इस जाम में फंस जाती है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।

श्री मेहता ने कहा कि कई बार सूचना देने के बावजूद यातायात पुलिस और जिला पुलिस समय पर नहीं पहुंचती। अगर पुलिस पहुंचती भी है तो कुछ समय के लिए ही जाम से राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों से लगातार हजारीबाग के एसपी, डीसी, एसडीएम एवं नगर निगम आयुक्त को दर्जनों बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि लगभग पांच महीने पहले वर्तमान नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया था कि दो से चार दिनों के भीतर वहां चेतावनी बोर्ड लगाया जाएगा तथा खस्सी बाजार को शिफ्ट कर लोहसिंघना मैदान की ओर स्थानांतरित किया जाएगा। लेकिन आज तक न तो बोर्ड लगाया गया और न ही बाजार को हटाया गया।

आक्रोश व्यक्त करते हुए श्री मेहता ने कहा कि उनका स्वयं का आवास भी पगमिल रोड स्थित इसी खस्सी बाजार के सामने है, जिसके कारण उन्हें भी घर से निकलने में घंटों का समय लग जाता है। उन्होंने कहा कि अब वे इस गंभीर समस्या को लेकर झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखेंगे तथा उचित कार्रवाई की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के अनुसार किसी भी सड़क पर हाट-बाजार या मेला लगाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्री मेहता ने बताया कि वे इस संबंध में नगर विकास मंत्री, नगर विकास सचिव एवं मुख्य सचिव को भी पत्र लिखेंगे, ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.