विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर डीवीसी ने चलाया जागरूकता अभियान
विष्णुगढ़ : प्रखंड अंतर्गत डीवीसी कोनार डैम के सौजन्य से विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर डीवीसी सामुदायिक भवन, नावांटांड, बनासो में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बनासो मुखिया प्रतिनिधि डॉ. बी.एन. मंडल, वरीय प्रबंधक विशाल यादव एवं सीएसआर प्रभारी सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. बी.एन. मंडल ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है, क्योंकि लापरवाही कई प्रकार की बीमारियों को जन्म दे सकती है।
वरीय प्रबंधक विशाल यादव ने भी महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में फैली झिझक को दूर करने और महिलाओं को जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नावाटांड़ के माही पटेल ने डीवीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सैनिटरी नैपकिन वितरण कर महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों के बीच 200 सैनिटरी नैपकिन का वितरण किया गया। मौके पर सीएसआर कर्मी टेकलाल महतो, डेगलाल महतो, चंद्रमणि देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.