मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर चौपारण में अहम बैठक, बीडीओ ने दिए पारदर्शिता व समयबद्ध कार्य के निर्देश
हजारीबाग : चौपारण प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर सुपरवाइजर एवं बीएलओ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नितेश भास्कर ने की, जबकि अंचल अधिकारी (सीओ) संजय यादव भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सुपरवाइजर एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीडीओ नितेश भास्कर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने तथा अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम के साथ माता-पिता का नाम अंकित नहीं है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। बीएलओ द्वारा मतदाताओं तक 11 प्रकार के मान्य दस्तावेजों की सूची पहुंचाई जाएगी और निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध कराने पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। सीओ संजय यादव ने भी उपस्थित कर्मियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है, इसलिए सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में सभी सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान SIR कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.