ग्रामीणों में खुशी, मुखिया उषा देवी ने कहा पंचायत विकास को दी जा रही प्राथमिकता
हजारीबाग : चौपारण प्रखंड के ताजपुर पंचायत स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर के बाहर मुखिया मद से निर्मित फेबर ब्लॉक निर्माण कार्य एवं ताजपुर सामुदायिक भवन मरम्मत योजना का उद्घाटन शनिवार को पंचायत की मुखिया उषा देवी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों योजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया उषा देवी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर परिसर में फेबर ब्लॉक निर्माण होने से श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। वहीं सामुदायिक भवन की मरम्मत से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु प्रसाद भगत ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की निगरानी एवं संरक्षण में सहयोग करने की अपील की, ताकि योजनाओं का लाभ लंबे समय तक लोगों को मिलता रहे। इस मौके पर पंचायत समिति प्रतिनिधि टुन्नू वर्णवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा तथा लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.