चौपारण थाना दिवस में भूमि विवाद के 16 आवेदन पहुंचे, शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
हजारीबाग : चौपारण थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि विवाद से संबंधित कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी (सीओ) संजय यादव एवं थाना प्रभारी पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित मामलों में जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। थाना दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में दोनों अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ पक्षकारों की बातें सुनीं और निष्पक्ष समाधान का भरोसा दिलाया। सीओ संजय यादव ने मौके पर कई आवश्यक कागजात एवं दस्तावेजों की जांच की तथा संबंधित कर्मियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद के मामलों का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ किया जाएगा। उन्होंने थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा मामलों का निष्पादन गंभीरता से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। थाना प्रभारी पंकज कुमार की कार्यशैली एवं सक्रियता की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि उनकी पहल से थाना में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और मामलों के समाधान में तेजी आई है। वहीं सीओ संजय यादव की कार्यकुशलता एवं भूमि विवाद मामलों में तत्परता को भी ग्रामीणों ने सराहा। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में भूमि विवाद के मामलों का शीघ्र समाधान होगा। थाना दिवस के दौरान दोनों अधिकारियों ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा छोटे-छोटे विवादों को आपसी बातचीत से सुलझाने की अपील भी की। कार्यक्रम में थाना एवं अंचल कार्यालय के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.