अग्रवाल गली में बिना परमिट घुस रहे भारी वाहन, घंटों लगा रहा जाम, हादसे के इंतजार में प्रशासन

बरही (हजारीबाग) : राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से सटे बरही के पानी टंकी के सामने में नो-एंट्री और रूट परमिट के नियमों की धज्जियां सरेआम उड़ाई जा रही हैं। ताजा मामला हजारीबाग रोड के सर्विस रोड स्थित अग्रवाल गली का है, जहाँ आए दिन भारी-भरकम ट्रकों के प्रवेश से स्थानीय लोग हलकान हैं। रविवार को यहाँ एक बड़ा हादसा होते-होते टला, जब सामान खाली कर बाहर निकल रहा एक 10 चक्का ट्रक संकीर्ण पीसीसी (PCC) रास्ते में बुरी तरह फंस गया। इस वजह से गली में लगभग एक घंटे तक पूरी तरह चक्काजाम रहा।

स्थानीय लोग परेशान, आवागमन ठप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार को एक विशाल 10 चक्का वाहन अग्रवाल गली के संकरे पीसीसी मार्ग में सामान अनलोड करने घुसा था। सामान खाली कर जैसे ही चालक वाहन को बाहर निकालने लगा, गाड़ी मोड़ पर फंस गई। देखते ही देखते गली के दोनों ओर वाहनों और पैदल यात्रियों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण स्थानीय लोगों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मोहल्ले वासियों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है; यहाँ हर दूसरे दिन ऐसे ही भारी वाहन बिना किसी डर के घुसा दिए जाते हैं।
बिना परमिट गली के रास्तों पर कैसे दौड़ रहे 10 चक्का वाहन?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि इन भारी मालवाहक वाहनों का परमिट केवल जीटी रोड (GT Road) तक ही सीमित है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि परिवहन नियमों को ताक पर रखकर ये गाड़ियां शहर के अंदरूनी हिस्सों और रिहायशी इलाकों की पीसीसी सड़कों पर कैसे दाखिल हो रही हैं? स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इसमें कहीं न कहीं संबंधित विभागों की शिथिलता या मिलीभगत है, जिसके कारण बिना परमिट के नो-एंट्री जोन में धड़ल्ले से भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है जान-माल का खतरा,हादसे के बाद खुलेगी प्रशासन की आँख?

इस जाम और अनियंत्रित ट्रैफिक से मोहल्ले में हमेशा किसी न किसी बड़ी दुर्घटना का साया मंडराता रहता है। संकरी गलियों में भारी ट्रकों के बैक होने या मुड़ने के दौरान पैदल चलने वालों की जान पर बन आती है। स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "क्या बरही प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी या किसी की जान जाने का इंतजार कर रहा है? जब कोई बड़ी दुर्घटना हो जाएगी, तब क्या संबंधित अधिकारियों की आँखें खुलेंगी?" रिहायशी इलाकों की पीसीसी सड़कें इन भारी वाहनों का वजन सहने के लिए नहीं बनी हैं, जिससे सरकारी संपत्ति (सड़क और नालियों) को भी नुकसान पहुँच रहा है।
बरही प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की माँग 
मोहल्ले वासियों ने अनुमंडल प्रशासन और स्थानीय पुलिस से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। लोगों की माँग है कि:
*अग्रवाल गली और सर्विस रोड के मुहाने पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए बैरिकेटिंग की जाए।*रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से घुसने वाले ट्रकों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
*नो-एंट्री के समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस बल की गश्त बढ़ाई जाए।  अगर समय रहते बरही प्रशासन ने इस मनमानी पर रोक नहीं लगाई, तो स्थानीय नागरिक उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.