कम मुआवजा मामले को लेकर सांसद कार्यालय में हुई बैठक

चौपारण (हजारीबाग) : राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) भूमि अधिग्रहण में कम मुआवजा दिए जाने के मुद्दे को लेकर सोमवार को हजारीबाग सांसद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएच परियोजना निदेशक (PD), ग्राम पिपरा एवं सिंगरावा के प्रभावित रैयतों तथा ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार 31 मई को प्रभावित रैयतों द्वारा कम मुआवजा दिए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद सांसद ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाधान की दिशा में पहल की।

बैठक में प्रभावित रैयतों की ओर से सुरेश कुमार साव ने भूमि अधिग्रहण में कम मुआवजा, संरचना मूल्यांकन में विसंगति तथा अन्य समस्याओं को विस्तार से रखा। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा।

चर्चा के दौरान परियोजना निदेशक ने मामले की समग्र समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित रैयतों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित निर्णय लिया जाएगा।

सांसद ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उचित मुआवजा दिलाने एवं समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा। बैठक सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सार्थक निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में हीरालाल साव, जितेन्द्र साव, सीताराम राणा, सुनील साव, सुरेश साव, विजय मधेसिया, गजाधर प्रसाद, विजय साव सहित अन्य प्रभावित रैयत एवं ग्रामीण प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.