वन विभाग द्वारा जबरन खाई खुदाई के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश, बैठक संपन्न

चौपारण : जगदीशपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम गंगा आहर में मंगलवार को जनसत्ता संघर्ष महिला मोर्चा एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा की सचिव कंचन देवी ने की। बैठक में वन विभाग द्वारा रैयती भूमि पर कथित रूप से जबरन ट्रेंच (खाई) खुदाई किए जाने तथा ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दिए जाने के मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई। ग्रामीणों एवं महिला मोर्चा के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक रैयतों की भूमि को चिन्हित कर मुक्त नहीं किया जाता, तब तक वन विभाग की ऐसी गतिविधियों का विरोध जारी रहेगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि मामले को लेकर प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। ग्रामीणों ने वन विभाग से अपनी भूमि का विधिवत सीमांकन कर रैयतों की जमीन खाली करने तथा विवाद का शीघ्र एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी वैध भूमि और अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं, जनसत्ता संघर्ष महिला मोर्चा ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

 

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.