परीक्षा केंद्र पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त, संचालन व्यवस्था का लिया जायजा....
हजारीबाग : राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए आयोजित परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया।जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में कुल 754 परीक्षार्थी नामित हैं। पूर्व दिवस आयोजित परीक्षा में 677 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं मंगलवार को परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में 200 तथा द्वितीय पाली में 126 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, आयुक्त सचिव, परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों तथा पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। केंद्र के भीतर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रमंडलीय आयुक्त ने परीक्षा संचालन में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए परीक्षा को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सजगता के साथ कार्य करना होगा।निरीक्षण के दौरान सहायक केंद्राधीक्षक सह आयुक्त सचिव सहित परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.