दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण,15 जुलाई तक करें आवेदन....
हजारीबाग : जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री दिव्यांग कल्याणार्थ योजना एवं अन्य मदों के तहत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया जिला समाज कल्याण कार्यालय, हजारीबाग के माध्यम से संचालित की जाएगी। उपायुक्त हेमंत सती ने बताया कि जिले के पात्र दिव्यांगजन अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के साथ 15 जुलाई 2026 तक संबंधित सीडीपीओ कार्यालय अथवा जिला समाज कल्याण कार्यालय, समाहरणालय भवन के तीसरे तल्ले स्थित कक्ष संख्या-301 में आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने वाले लाभुकों को योजना के तहत आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।योजना के अंतर्गत बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट केन स्टिक, ज्योति एआई ग्लास, सीपी चेयर, कैलीपर्स तथा आर्टिफिशियल लेंस सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवागमन, शिक्षा, रोजगार एवं दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा मिलेगी।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन अपनी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगे तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.