25 वर्षों से सामाजिक गतिविधियों से वंचित रहे सकलदेव ठाकुर को पुनः समाज में मिली मान्यता
हज़ारीबाग : चौपारण प्रखंड अंतर्गत पड़रिया पंचायत के ग्राम नरयाही, पोस्ट वृंदावन निवासी सकलदेव ठाकुर को लगभग 25 वर्षों बाद पुनः समाज में शामिल कर लिया गया। इस संबंध में मंगलवार, 2 जून 2026 को जननायक कर्पूरी ठाकुर भवन परिसर, जोकट स्थित प्रधान कार्यालय में चय परगना अध्यक्ष इंद्रदेव ठाकुर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सकलदेव ठाकुर द्वारा दिए गए आवेदन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समाज के प्रबुद्धजनों ने विभिन्न सामाजिक दायित्वों एवं परंपराओं पर चर्चा करते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। बताया गया कि सकलदेव ठाकुर ने अपने पूर्व कृत्यों पर गहरा पश्चाताप व्यक्त करते हुए समाज से क्षमा याचना की, जिसे समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने स्वीकार किया। नाई समाज के पुरोधा जगदीश ठाकुर उर्फ साधु जी सहित अन्य अभिभावकों ने उन्हें समाज में मिलजुल कर रहने, सामाजिक एकता बनाए रखने तथा समाज हित में कार्य करने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज एक गंगा की तरह है, जिसमें सभी का योगदान और सहभागिता आवश्यक है। समाज से अलग रहना व्यक्ति के जीवन में अनेक कठिनाइयों का कारण बन सकता है। बैठक में उपस्थित लोगों ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। मौके पर चय परगना अध्यक्ष इंद्रदेव ठाकुर, पूर्व महासचिव एवं भद्रकाली कॉलेज इटखोरी के प्राचार्य डॉ. दुलार ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष ब्रजकिशोर ठाकुर, पूर्व मुखिया एवं वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि छोटन ठाकुर, सचिव पप्पू ठाकुर, सेवानिवृत्त सैनिक अर्जुन ठाकुर, सेवानिवृत्त शिक्षक कपिल ठाकुर, अनुमंडलीय महामंत्री सह प्रखंड कोषाध्यक्ष सुबोध ठाकुर, तापेश्वर ठाकुर, नंदकिशोर ठाकुर, केदार ठाकुर, राजेश ठाकुर, दिनेश शर्मा, सीताराम ठाकुर, विक्रम ठाकुर, सुरेश ठाकुर, मनोहर ठाकुर, उमेश ठाकुर सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.