रक्तदान महादान: युवा प्रेस क्लब 12 जून को लगाएगा रक्तदान शिविर
हजारीबाग : समाजसेवा और जनहित के कार्यों में लगातार सक्रिय युवा प्रेस क्लब, चौपारण द्वारा आगामी 12 जून 2026 को भव्य रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में स्थानीय टीवीएस शोरूम परिसर में क्लब के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रक्तदान शिविर की तैयारियों,पंजीकरण प्रक्रिया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि रक्तदान के इच्छुक व्यक्ति अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। क्लब के सदस्य गांव-गांव और विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। सदस्यों ने कहा कि रक्त की कमी के कारण कई मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में समाज के जागरूक लोगों को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए। युवा प्रेस क्लब के संरक्षक मुकुंद साव ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों के बीच सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक प्रक्रिया है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा प्रेस क्लब का उद्देश्य केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाना है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में शामिल होकर मानवता की सेवा करने की अपील की।
सचिव मनीष सिन्हा ने कहा कि रक्तदान ऐसा दान है, जिसका कोई विकल्प नहीं है। दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसव तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की आवश्यकता पड़ती रहती है। ऐसे में प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह शिविर समाज के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।बैठक में रक्तदान शिविर के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण कराने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।बैठक में मीडिया प्रभारी अखिलेश पांडेय, शेखर पांडेय, बच्चू राणा, अजीत सिंह, अमित सिंह सहित युवा प्रेस क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे। अंत में क्लब की ओर से क्षेत्रवासियों से 12 जून को आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने तथा इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।
रिपोर्टर : अमित
No Previous Comments found.