ICAR के खेत बचाओ अभियान के तहत सोनपुरा में 90 किसानों को किया गया जागरूक

चौपारण : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा संचालित "खेत बचाओ अभियान" कार्यक्रम के अंतर्गत चौपारण प्रखंड के सोनपुरा गांव में संतुलित उर्वरक उपयोग अभियान के तहत 90 किसानों के लिए एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम ICAR के निदेशक डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव के संरक्षण तथा परिसर प्रभारी डॉ. एस.के. महंता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान ने किया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को खेत बचाओ अभियान की अवधारणा, पोटाश सहित विभिन्न उर्वरकों के संतुलित उपयोग, जैविक उर्वरकों की उपयोगिता, मृदा स्वास्थ्य जांच, प्राकृतिक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी कि वे मिट्टी की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करें, जिससे उत्पादन लागत कम हो और फसल की उत्पादकता बढ़ सके।

प्रशिक्षण सत्र में डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान, डॉ. वंदना यादव, डॉ. आशा कुमारी, डॉ. ओम प्रकाश तथा तकनीशियन अरुण कुमार रजक ने किसानों को कृषि के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने संतुलित खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।

किसानों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ICAR की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि जागरूकता बढ़ाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सीएससी चौपारण एफपीओ के निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव ने ICAR से आए वैज्ञानिकों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में आयोजित इस कार्यक्रम से क्षेत्र के कृषकों को नई जानकारी और बेहतर खेती की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एफपीओ निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण एवं कृषि से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.