गिरफ्तारी के बाद मिली तत्काल जमानत, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल पैर में रॉड लगे व्यक्ति को जेल भेजने पर नाराजगी, समाजसेवी विकास यादव ने की निष्पक्ष जांच की मांग
हजारीबाग : चौपारण थाना कांड संख्या 212/23 के अभियुक्त संतोष यादव की गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत और उसके बाद न्यायालय से मिली तत्काल जमानत को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मामले को लेकर समाजसेवी विकास यादव ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष एवं समान कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, चौपारण थाना पुलिस ने कांड संख्या 212/23 के अभियुक्त संतोष यादव, पिता स्वर्गीय प्रभु यादव, निवासी नेवरी करमा, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। हालांकि, हजारीबाग न्यायालय से उन्हें शीघ्र जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होने लगी हैं। समाजसेवी विकास यादव ने कहा कि संतोष यादव लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनके पैर में रॉड लगी हुई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती है। ऐसे में उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखे बिना उन्हें जेल भेजे जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कानून के दायरे में रहते हुए मानवीय पहलुओं पर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करती है, जबकि कुछ गंभीर मामलों के आरोपियों अथवा जमानत शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में कार्रवाई के मानकों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
विकास यादव ने कहा कि जनता पुलिस से निष्पक्ष, पारदर्शी और समान व्यवहार की अपेक्षा रखती है। कानून का पालन सभी के लिए एक समान होना चाहिए तथा किसी भी कार्रवाई में भेदभाव की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की समीक्षा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह देखा जाना चाहिए कि गिरफ्तारी किन परिस्थितियों में की गई तथा क्या सभी मामलों में एक समान प्रक्रिया और मानक अपनाए जा रहे हैं। इधर, गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद न्यायालय से जमानत मिलने के बाद यह मामला चौपारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, इस संबंध में पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.