चौपारण सामुदायिक अस्पताल का एसडीओ, बीडीओ एवं सीओ ने किया संयुक्त निरीक्षण

हजारीबाग : चौपारण सामुदायिक अस्पताल का शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर एवं अंचलाधिकारी संजय कुमार यादव ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने अस्पताल के ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष एवं अन्य विभागों का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई, नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, दवा उपलब्धता तथा मरीजों के बेहतर उपचार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। वहीं बीडीओ नितेश भास्कर एवं सीओ संजय कुमार यादव ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.