एसआईआर को लेकर कांग्रेस की बैठक संपन्न, संगठन मजबूती एवं जनसंपर्क पर दिया गया जोर
हजारीबाग : एसआईआर को लेकर कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक चौपारण में मुखिया गुलाबी यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रांची से आए कांग्रेस के प्रभारी राजेश रंजन सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी राजेश रंजन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। मुखिया गुलाबी यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। बैठक के दौरान एसआईआर से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.