एबीवीपी ने अंशुल सिन्हा को तिलैया केंद्र का संगठन मंत्री बनाया छात्र हित, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को मिलेगी नई गति...

चौपारण : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संगठन विस्तार एवं छात्र हितों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चौपारण प्रखंड के बरवाडीह निवासी अंशुल सिन्हा को तिलैया केंद्र का संगठन मंत्री नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही परिषद कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। अंशुल सिन्हा, संजय सिन्हा के पुत्र हैं तथा लंबे समय से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकुशलता एवं छात्र-छात्राओं के मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए परिषद नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।

नियुक्ति के बाद परिषद कार्यकर्ताओं ने अंशुल सिन्हा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही छात्र छात्राओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
इस अवसर पर अंशुल सिन्हा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए छात्र हितों की रक्षा, युवाओं में जागरूकता तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं छात्र संगठनों से जुड़े लोगों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.