नशे के खिलाफ हजारीबाग में जनजागरण की मुहिम तेज
प्रचार रथ, नुक्कड़ नाटक और शपथ कार्यक्रमों से हजारों लोगों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश
हजारीबाग- निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत हजारीबाग जिले में दूसरे दिन व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 15 जून से 26 जून तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
अभियान के तहत पांच जागरूकता प्रचार रथों को जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रवाना किया गया। प्रचार रथों के माध्यम से चौपारण, ईचाक, विष्णुगढ़, डाड़ी सहित नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में नशामुक्ति संबंधी ऑडियो जिंगल, लघु फिल्में और जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। साथ ही आमजनों के बीच पंपलेट वितरित कर नशे से दूर रहने की अपील की गई।
अभियान के दौरान जिले के 20 प्रमुख स्थानों पर 10 सांस्कृतिक दलों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। चौपारण, बरही, बरकट्ठा, ईचाक, कटकमसांडी, सदर, केरेडारी, बड़कागांव और विष्णुगढ़ प्रखंडों सहित शहरी क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को दर्शाया।कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए सभी नागरिक नशे से दूर रहें और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह हजारीबाग
No Previous Comments found.