8 साल से तैयार पड़ा बंदखारो पावर सबस्टेशन, चालू कराने की उठी मांग
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड के बंदखारो गांव में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवीए पावर सबस्टेशन पिछले लगभग आठ वर्षों से चालू होने का इंतजार कर रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद तकनीकी कारणों और आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण अब तक यह सबस्टेशन विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से नहीं जुड़ पाया है। इसके कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) हजारीबाग के मनोनीत सदस्य भुवनेश्वर पटेल ने विद्युत आपूर्ति क्षेत्र हजारीबाग के महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता को पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि बंदखारो में निर्मित 33/11 केवीए पावर सबस्टेशन का निर्माण लगभग आठ वर्ष पूर्व ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन आज तक इसे चालू नहीं किया जा सका है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि सबस्टेशन तक 33 केवीए विद्युत लाइन पहुंचाने के लिए आवश्यक तार उपलब्ध नहीं होने के कारण लाइन निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। परिणामस्वरूप सबस्टेशन विद्युत आपूर्ति नेटवर्क से नहीं जुड़ सका और वर्षों से निष्क्रिय पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनता की सुविधा के लिए बनाए गए इस महत्वपूर्ण विद्युत ढांचे का उपयोग नहीं हो पाना चिंता का विषय है।
भुवनेश्वर पटेल ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि 33 केवीए लाइन के लिए आवश्यक तार एवं अन्य संसाधनों की तत्काल व्यवस्था कर सबस्टेशन को जल्द से जल्द चालू कराया जाए। उनका कहना है कि सबस्टेशन के शुरू होने से विष्णुगढ़ प्रखंड के कई गांवों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा, लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुचारु विद्युत सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
क्षेत्र के लोगों ने भी विभाग से इस दिशा में त्वरित पहल करने की मांग की है, ताकि वर्षों से अधूरी पड़ी इस परियोजना का लाभ आम जनता तक पहुंच सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर बंदखारो पावर सबस्टेशन को चालू करेगा और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाएगा।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा
No Previous Comments found.