नशा मुक्ति अभियान के तहत रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित, 500 से अधिक युवाओं ने लिया भाग

हजारीबाग : नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत जिला खेल कार्यालय द्वारा गुरुवार को कर्जन मैदान में बालक एवं बालिका वर्ग की रस्साकसी (टग ऑफ वॉर) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न खेल प्रशिक्षण केंद्रों, आवासीय खेल संस्थानों, खेल अकादमियों तथा सेना, पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में 500 से अधिक युवा एवं खिलाड़ी शामिल हुए, जबकि 6 से 7 टीमों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। जिला खेल कार्यालय द्वारा संचालित इस अभियान के माध्यम से युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

गौरतलब है कि जिले में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत 12 जून से की गई थी, जो 26 जून तक चलेगा। अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में खेल प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में भी युवाओं ने नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार रखे और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी प्राप्त की।जिला खेल कार्यालय की यह पहल युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.