ICAR के खेत बचाओ अभियान के तहत 170 किसानों को किया गया जागरूक
हजारीबाग : चौपारण प्रखंड की बच्चाई पंचायत में 18 जून 2026 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के तत्वावधान में “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत संतुलित उर्वरक उपयोग विषय पर किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 170 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन निदेशक डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव के संरक्षण एवं परिसर प्रभारी डॉ. एस.के. महंता के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संतुलित उर्वरकों के सही उपयोग, पोटाश उर्वरक की उपयोगिता, जैविक उर्वरकों के महत्व, मृदा स्वास्थ्य जांच, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग एवं फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान, डॉ. वंदना यादव, डॉ. ओम प्रकाश तथा तकनीशियन अरुण कुमार रजक ने किसानों को आधुनिक कृषि, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा संतुलित खाद के उपयोग के बारे में जानकारी दी।
किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए ICAR की इस पहल की सराहना की। वहीं CSC चौपारण एफपीओ के निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव ने आए हुए वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बच्चाई पंचायत के मुखिया बीरेंद्र रजक, एफपीओ निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.