चौपारण में NDPS की बड़ी कार्रवाई: 1.550 किलो अफीम, 7 लाख रुपये नकद बरामद

चौपारण : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.550 किलोग्राम अफीम, 7 लाख रुपये नकद, एक बोलेरो वाहन, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 20 जून की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि बरही से कुछ अफीम तस्कर चौपारण क्षेत्र में अफीम की खरीद-बिक्री करने आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। 

टीम ने चौपारण थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ के आगे लोहरवा के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बरही की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो की बीच वाली सीट से प्लास्टिक में लिपटा 7 लाख रुपये नकद बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अफीम खरीदने के लिए अहरी गांव जा रहे थे। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अहरी गांव में छापेमारी की। इस दौरान राहुल कुमार खेरवार के घर से अलग-अलग पैकेटों में रखी कुल 1.550 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने राहुल कुमार खेरवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी अरविंद कुमार मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसकी अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। इस संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 157/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता एवं एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के जोधपुर निवासी पुना राम, बलोतरा निवासी रामलाल तथा हजारीबाग जिले के अहरी गांव निवासी राहुल कुमार खेरवार शामिल हैं। 

पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में 1.550 किलोग्राम अफीम, एक बोलेरो वाहन, 7 लाख रुपये नकद, एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.