नमनदीप पब्लिक स्कूल, दनुआ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

चौपारण :  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नमनदीप पब्लिक स्कूल, दनुआ में शनिवार को योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। विद्यालय में प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी योग दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, गैर-शिक्षण कर्मियों एवं प्रशिक्षित योग गुरु की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह निदेशक सतीश प्रसाद केशरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग दिवस का वास्तविक महत्व तभी है जब योग हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बने। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के अंग्रेजी शिक्षक अमित कुमार केसरी ने कहा कि योग दिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि योग को अपने जीवन की नियमित दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 से हुई थी और तभी से विद्यालय में प्रतिवर्ष इसका आयोजन किया जाता रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी के स्वस्थ, निरोग एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संकल्प लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाएगा।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.