अंग्रेजी ओलंपियाड में सृष्टि रानी ने बढ़ाया विद्यालय का मान, मिला प्रशंसा प्रमाण पत्र
हजारीबाग : डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरही की छात्रा सृष्टि रानी ने अंग्रेजी ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। कक्षा आठवीं की छात्रा सृष्टि रानी, पिता निर्मल प्रसाद, को अंग्रेजी ओलंपियाड परीक्षा में 83.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली द्वारा सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन (प्रशंसा प्रमाण पत्र) प्रदान किया गया।
यह सम्मान उन्हें दिसंबर 2025 में आयोजित अंग्रेजी ओलंपियाड परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने के लिए दिया गया। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने सृष्टि रानी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल सृष्टि की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि सृष्टि भविष्य में भी विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
प्राचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक प्रतियोगिताओं एवं ओलंपियाड जैसी परीक्षाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं ।
रिपोर्टर : अमित कुमार सिंह
No Previous Comments found.